शिमला, 07 अक्तूबर : मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने कहा कि जनता वीरभद्र सिंह की जान थी और जनता के ही आग्रह पर वह चुनाव में उतर रही है, क्योकि जनता चाहती है कि वीरभद्र सिंह के बाद उनका नाम रहे, इसलिए वे चुनाव लड़ रही हैं। बुधवार को हालीलाज में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने प्रदेश के कोने-कोने में काम किया है और उनके काम को गिनाना कोई गलत बात नहीं है।
उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने जो काम किए हैं उनको लेकर वह जनता के बीच जाएंगी और वोट मांगेंगी। सीएम जयराम ठाकुर को वह कोई चुनौती नहीं मानती। जनता ने उन्हें चुनकर भेजा है, लेकिन वह जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा भी तो अपने नेताओं का बार-बार जिक्र करती है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि जब तक वीरभद्र सिंह थे तो चुनावी रणनीति से लेकर सारा प्रबंधन खुद तय करते थे। अब वीरभद्र सिंह साक्षात उनके साथ नहीं हैं तो उनका आशीर्वाद हमारे साथ है। इस दौरान भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि राम नहीं हैं तो राम का नाम ही काफी है।
प्रतिभा सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा और कहा कि नरेंद्र मोदी पर जनता ने जो भरोसा जताया था उस पर वह खरा नहीं उतरे हैं। आज किसान और बागवान केंद्र सरकार के गलत फैसलों के कारण परेशान हैं लेकिन उनकी कोई सुनवाई केंद्र सरकार नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने बेरोजगारों को रोजगार देने और महंगाई कम करने का जनता से वादा किया था लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह कल से चुनावी मैदान में उतरेंगी। वह 8 अक्टूबर को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेगी और इस दौरान जनसभा भी करेगी।
गौर हो कि कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने कहा कि मंडी भले ही मुख्यमंत्री का गृह जिला है लेकिन मंडी उनके लिए कोई नया क्षेत्र नहीं है। वीरभद्र सिंह सहित वह स्वयं 2 बार मंडी से चुनाव लड़ चुकी हैं। उन्होने कहा कि बीते चार साल में मंडी सहित पूरे प्रदेश में विकास ठप पड़ा है। महंगाई बेरोजगारी चरम पर है। हर वर्ग सरकार से परेशान हैं। केंद्र व राज्य दोनों ही भाजपा सरकारें जनता की हितों की रक्षा करने में नाकाम रही है।