कुल्लू, 06 अक्टूबर : जिला में एक महिला का भालू से आमना सामना हो गया इस दौरान भालू महिला पर झपट पड़ा और टांगों से घसीट कर काफी दूर तक ले गया। इस दौरान महिला ने खूब शोर मचाया और अपने आप को भालू से बचाते हुए ढांग से नीचे गिर गई।
लिहाजा जब महिला ने अपने आप को सुरक्षित पाया तो अपने पति को फोन पर भालू के हमले की सूचना दी। उसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचाया जहां क्षेत्रीय अस्पताल में महिला का उपचार चल रहा है। महिला खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार कुल्लू के साथ लगती काईस पंचायत के उखलूआगे गांव में 25 साल की महिला पर भालू का हमला हुआ। महिला की टांग जख्मी हो गई। घायल महिला बंती देवी पत्नी कृष्ण चंद ने बताया कि वह सुबह अपने घर के साथ लगते खेत में घास लाने जा रही थी। जैसे ही खेत के समीप पहुंची तो अचानक एक भालू आया और उस पर झपट पड़ा।
भालू ने उसे टांग में बुरी तरह जख्मी कर दिया। किसी तरह महिला अपनी जान बचाने में सफल हो पाई। हालांकि महिला को जख्मी करने के बाद भालू वहां से भाग गया। जख्मी महिला को परिजनों ने उपचार के लिए अस्पताल लाया। जहां पर उसका उपचार चल रहा है।