शिमला, 05 अक्टूबर : राजधानी शिमला में चोरों ने ऐसा कारनामा कर डाला कि यहां की स्मार्ट पुलिस भी हैरत में पड़ गई। चोरों ने शहर के कार्ट रोड से माल रोड आने के लिए लगी पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट में ही सेंधमारी कर डाली। शातिर चोर लिफ्ट की केबल वायर को ही चोरी कर के ले गए। नई और पुरानी दोनों ही लिफ्ट की केबल चुराई गई है। एक लिफ्ट की 15 मीटर और दूसरी लिफ्ट से इससे भी ज्यादा केबल को शातिर चुराकर ले गए हैं। इस केबल के अंदर कॉपर लगा होता है। यह काफी महंगी बिकती है। शहर के बीचों-बीच आई चोरी की यह घटना को लेकर शहर में खूब चर्चा रही।
चोरी की यह घटना सोमवार देर रात पेश आई। चोरी का खुलासा मंगलवार सुबह तब हुआ, जब लिफ्ट ने काम करना बंद कर दिया। इससे पर्यटकों व स्थानीय लोगों को परेशानी हुई। कार्ट रोड से मॉल रोड तक जाने के लिए अधिकतर पर्यटक इसी लिफ्ट का इस्तेमाल करते हैं।
मंगलवार सुबह लिफ्ट के नहीं चलने पर तकनीकी अधिकारी ने जब इसकी जांच की तो पता चला की लिफ्ट की कॉपर वायर ही चोरी हो गई है। इसे रिपेयर करने में काफी समय लगेगा। इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की।
दिलचस्प बात ये है कि घटनास्थल से सदर थाना महज 100 मीटर के फासले पर है। यह पहला मौका है जब यहां पर चोरी हुई है। रात को लिफ्ट दस बजे बंद होती है। दस बजे के बाद ही शातिरों ने चोरी की इस घटना को अंजाम दिया है। शिमला की एकमात्र सार्वजनिक लिफ्ट जहां से सबसे अधिक लोग मॉलरोड़ के लिए आते है। लिफ्ट बंद होने के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों को पता ही नहीं था कि लिफ्ट खराब है। सुबह जब वह पहुंचे तो लिफ्ट खराब थी। 11 बजे एक लिफ्ट को ठीक कर चलाया गया।
लिफ्ट के सुपरवाइजर पृथ्वी चौहान ने मंगलवार को बताया कि चोर लिफ्ट की केबल को चुरा कर ले गए जिसके कारण इसमें तकनीकी खराबी आई थी। उन्होंने कहा ऐसा पहली बार हुआ है कि शातिर केबल को चुरा कर ले गए हैं। तकनीकी अधिकारियों ने इस लिफ्ट को ठीक कर सुचारू कर दिया है। इस बीच पुलिस चोरों की तलाश कर रही है और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।