कागड़ा/ आशीष शर्मा : बैजनाथ में शादी के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। पहले तो धोखे से उम्र में 8 साल बड़ी लड़की से शादी करवा दी, फिर बिचौलियों ने वर पक्ष से 1 लाख की ठगी कर ली। लड़की भी मायके चली गई और वापस आने की एवज में ससुराल पक्ष से पैसो की डिमांड कर रही है।
32 वर्षीय अंकुश पुत्र प्रताप सिंह ने बताया कि बिचौलियों ने शादी करवाने के लिए होशियारपुर पंजाब से एक रिश्ता सुझाया और बताया कि गरीब घर की लड़की है। साथ ही ये भी कहा कि शादी के लिए लड़की पक्ष का खर्च भी लड़के वालों को ही करना पड़ेगा। लड़के वाले मान गए और 50-50 हजार की दो किस्तों में एक लाख रुपये बिचौलियों को दे दिए। इसमें 50 हजार स्थानीय पंचायत प्रधान की मौजूदगी में दिए गए हैं।
हालांकि पंचायत प्रधान का कहना है कि उनके बार-बार मना करने के बावजूद दूल्हे वालों ने बिचौलियों को पैसे दिए।एक लाख रुपए देकर दुल्हन लाने वाले युवक एवं परिजनों ने बताया कि 9 अगस्त, 2021 को अंकुश व मनजीत कौर निवासी होशियारपुर की “श्री सीता राम जी मंदिर विजयपुर, जयसिंहपुर में शादी हुई। दूल्हे के माता-पिता ने बताया शादी भी दूल्हे से करीब 8 वर्ष अधिक आयु की लड़की से करवा दी गई।
शादी किए अभी एक सप्ताह भी नहीं बीता था कि दुल्हन अपने मायके पंजाब में जाने की जिद करने लगी। नई नवेली दुल्हन को उसका पति अंकुश व ससुर प्रताप चंद 16 अगस्त, 2021 को उसके मायके पंजाब में छोड़कर घर वापस आ गए। इस दौरान उन्होंने दुल्हन को एक नया मोबाइल फोन व कुछ पैसे भी दिए।
दूल्हे पक्ष का कहना है कि दुल्हन ने रक्षाबंधन के दूसरे दिन ससुराल वापस आने की बात कही थी। लेकिन आज एक महीने से ज्यादा समय गुजर जाने के बाद भी वापस आने से मना कर रही है। साथ ही पैसे की मांग भी कर रही है। अब दूल्हे ने बिचौलियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके साथ शादी के नाम पर फ्रॉड हुआ है। उन्होंने बिचौलियों की ओर से उनके साथ धोखाधड़ी करने के बारे में पुलिस चौकी चढियार में शिकायत भी दर्ज करवाई है।
दूल्हे पक्ष ने पुलिस से गुहार लगाई है कि बिचौलियों से पूछताछ करके उनके पैसे वापस दिलाए जाएं और साथ ही दुल्हन को वापस ससुराल में आकर रहने के लिए कहा जाए। उधर चढियार पुलिस चौकी के हैड कांस्टेबल अजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।