शिमला, 3 अक्तूबर : हिमाचल में उप चुनाव को लेकर भाजपा व कांग्रेस में सियासत शुरू हो चुकी है। चूंकि 2022 के आम विधानसभा चुनाव से करीब एक साल पहले ये दोनों ही दलों के लिए परीक्षा की घड़ी है, लिहाजा एड़ी-चोटी का जोर लगना शुरू हो गया है। शनिवार रात ये खबर आ गई थी कि मंडी लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने प्रतिभा सिंह का नाम तय कर दिया है। भाजपा को प्रत्याशी तय करना है।
इसी बीच बिलासपुर प्रवास के दौरान पत्रकारों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से अभिनेत्री कंगना रणौत को चुनाव में उतारने को लेकर सवाल दागा। जवाब में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रत्याशी का फैसला चुनाव समिति को करना है। जल्द ही निर्णय ले लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता को ही टिकट दिया जाएगा। सीएम के जवाब से एक बात जाहिर होती है कि वो पार्टी लाइन से बाहर जाकर किसी को प्रत्याशी नहीं बनाना चाहते। हालांकि, कंगना रणौत भी मंडी संसदीय क्षेत्र की ही रहने वाली हैं। वो भी चुनाव लड़ने से इंकार कर चुकी हैं।
महाराष्ट्र में शिव सेना की सरकार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोलने के बाद कंगना रणौत को भाजपा का करीबी माना जाने लगा है। केंद्र सरकार ने भी पलक झपकते ही कंगना को सुरक्षा का इंतजाम कर दिया था।
उधर, जहां एक तरफ कंगना के प्रत्याशी बनने को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल पूछा जा रहा था तो दूसरी तरफ कंगना सोशल मीडिया में अपनी अगली फिल्म तेजस की शूटिंग की फोटोज अपलोड कर रही थी। बिलासपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने विक्रमादित्य सिंह द्वारा कर्मचारियों व अधिकारियों पर दिए गए बयान की भी कड़े शब्दों में निंदा की।