मंडी, 2 अक्तूबर : जिला का छोकरा और कुल्लू जिला का दामाद भाजपा के टिकट का सबसे प्रबल दावेदार साबित हो रहा है। बात नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष चमन कपूर की हो रही है। मूतलः मंडी जिला के सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के गोपालपुर के रहने वाले चमन कपूर का मंडी और कुल्लू दोनों जिलों से गहरा नाता है। अगर चमन कपूर की जन्मभूमि मंडी जिला है तो उनकी कर्मभूमि कुल्लू जिला बनी है। कुल्लू जिला में ही उनका ससुराल भी है।
कुल्लू जिला को अपनी कर्मभूमि बनाते हुए उन्होंने यहां न सिर्फ पार्टी के लिए काम किया, बल्कि लोगों के दिलों में ऐसी छाप छोड़ी कि नगर परिषद मनाली में लगातार चौथी बार अलग-अलग वार्डों से जीत हासिल की है। उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें मौजूदा समय में नगर परिषद मनाली का अध्यक्ष चुना गया है। वहीं चमन कपूर हिमाचल प्रदेश शहरी निकाय अध्यक्ष-उपाध्यक्ष फेडरेशन के प्रदेशाध्यक्ष भी चुने गए हैं।
जातीय समीकरण और दो जिलों से नाता…
चमन कपूर का रिश्ता सिर्फ एक जाति से नहीं बल्कि दो जातियों से है। चमन खुद कपूर गोत्र से हैं जिसमें और भी दर्जनों गोत्र आते हैं और इनका भी काफी बड़ा वोट बैंक हैं। वहीं इनकी शादी राजपूत परिवार से हुई है। ऐसे में जिस राजपूत वोट बैंक को खुश करने के लिए पार्टियां यहां से अपने उम्मीदवार उतारती हैं उस लिहाज से चमन पूरी तरह से फिट बैठते हैं। वहीं चमन को मंडी और कुल्लू जिलों में खासी पैंठ भी है, जोकि इनकी दावेदारी को प्रबल बना रही है।
अमित शाह, नड्डा और जयराम से नजदीकियां…
चमन कपूर की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से नजदीकियां किसी से छुपी नहीं हैं। अमित शाह जब भी मनाली आते हैं तो चमन कपूर के होटल में ही ठहरते हैं। वहीं जगत प्रकाश नड्डा और चमन कपूर में वर्षों पुरानी मित्रता है। कुछ समय पहले जब जगत प्रकाश नड्डा कुल्लू आए थे तो उस वक्त भी चमन कपूर को ईशारा दे गए थे। वहीं सीएम जयराम ठाकुर के साथ उनकी नजदीकियां भी जगजाहिर हैं।
पैनल में नाम को प्रमुखता…
पार्टी के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा जिन नामों पर 3 अक्तूबर को चर्चा करने जा रही है उस पैनल में चमन कपूर के नाम को प्रमुखता से शामिल किया गया है। यहां से जो नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाएंगे उसमें भी चमन कपूर का नाम प्रमुख रूप से शामिल रहेगा। हालांकि टिकट का आबंटन केंद्रीय नेतृत्व का विशेषाधिकार है।