शिमला, 27 सितंबर : राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान पर सोमवार बाद दोपहर कुछ युवा आपस में गुत्थम-गुत्था हो गए। युवकों के बीच जमकर लात घूंसे चले। इस झड़प को देखने के लिए यहां लोगों का हजुम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इन युवकों को छुड़ाया। पुलिस दो युवकों को पकड़कर थाने ले गई।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। वीडिया में एक युवक बोल रहा है कि दस लड़के एक साथ उस पर टूट पड़े हैं और उसे पीटा गया। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश को लेकर युवकों में मारपीट हुईं। झगड़े की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया। इसके बाद युवकों को मेडिकल करवाने के लिए अस्पताल ले जाया गया। खबर लिखे जाने तक उनके खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया था।
बता दें कि रिज मैदान पर इस तरह के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीते आठ सितंबर को भी यहां कुछ युवकों की झड़प हुई थी। सैलानियों के इस पसंदीदा स्थल पर आए दिन युवाओं के आपस में भिड़ने से माहौल खराब हो रहा है। बावजूद इसके पुलिस ऐसे असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने में सफल नहीं पाई है।