बिलासपुर, 26 सितंबर : गोविंद सागर झील के किनारे प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर भाखड़ा डैम की हसीन वादियों में एक अद्भुत प्राचीन मंदिर है। यह मंदिर नरसिंह देव का है जहां ख्वाजा पीर, शनि देव, गोगा जाहर पीर की मूर्तियां भी स्थापित है।
वहीं दूसरी तरफ भगवान शिव का पूरा परिवार और सत्यनारायण भगवान के स्वरूप और नरसिंह देव जी विराजमान है। काफी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शनों के लिए पहुंचते हैं। पंजाब हरियाणा हिमाचल से श्रद्धालुओं का आगमन यहां लगा रहता है। श्रद्धालु इस प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर मंदिर के दर्शन करके अपना जीवन धन्य करते हैं। वहीं गोविंद सागर झील के किनारे ठंडी हवाओं का लुफ्त भी उठाते हैं।
WATCH VIDEO : भाखड़ा डैम की हसीन वादियों में नरसिंह देव का प्राचीन मंदिर, जानिए यहां से जुड़ी खास बातें
कहा जाता है कि देव भूमि हिमाचल देवी-देवताओं की भूमि है। यहां चप्पे-चप्पे पर देवी-देवता विराजमान रहते हैं। यह मंदिर भी हमारी प्राचीन संस्कृति का है। इसे हमारी धरोहर भी कहा जाता है। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ नैना देवी से मात्र 18 किलोमीटर की दूरी पर भाखड़ा डैम के समीप भाखड़ा गांव में यह मंदिर विराजमान है।
गोविंद सागर झील के किनारे एक ऊंची पहाड़ी पर बना यह मंदिर दूर-दूर तक श्रद्धालुओं को नजर आता है। यहां पर पहुंचे श्रद्धालुओं का कहना है कि जो भी श्रद्धालु इस मंदिर में अपनी मनोकामना लेकर आता है उसकी सभी मनोकामनाएं नरसिंह देव पूर्ण करते हैं। हालांकि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए चाय पान की व्यवस्था भी की जाती है। ताकि श्रद्धालु बैठ कर दो पल मंदिर में सुकून से गुजार सकें।