शिमला, 26 सितंबर : मानसून के मंद पड़ने पर भी हिमाचल में भूस्खलन की घटनाएं थम नहीं रही हैं। राजधानी शिमला में भूस्खलन होने के बाद सड़क पर आए मलबे और पत्थर से दो कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं हैं। उपनगर पंथाघाटी में पासपोर्ट ऑफिस के नजदीक ब्रह्मकुमारी आश्रम को जाने वाली सड़क पर आज तड़के भूस्खलन हुआ और सड़क किनारे खड़ी दो कारों को नुकसान पहुंचा है।
पहाड़ी से भारी मात्रा में पत्थर व मलबा गिरने से कारें दब गईं है। ये कारें सड़क किनारे पहाड़ी से सट कर खड़ी की गईं थीं। घटना के वक्त कारों में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा जानी नुकसान हो सकता था। बहरहाल सड़क पर वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से चल रही है। पुलिस व प्रशासन की टीमों ने घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया। पुलिस के मुताबिक, कारों को भूस्खलन से काफी नुकसान पहुंचा है।
गौरतलब है कि बरसात के इस मौसम में शिमला सहित पूरे प्रदेश में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। मानसून सीजन के दौरान प्रदेश में बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 400 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। वहीं 1100 करोड़ की चल व अचल संपति को क्षति पहुंची है।