शिमला, 24 सितम्बर : हिमाचल में चिट्टे की तस्करी के मामले में पुलिस ने अब नाइजीरियन को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। न्यू शिमला थाना पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर शिमला लेकर आई है।
पुलिस के हाथ आया यह नाइजीरियन हिमाचल व पंजाब में चिट्टे की तस्करी करता था। पुलिस ने चेन के आधार पर पूछताछ कर दिल्ली से नाइजीरियन मूल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह व्यक्ति हिमाचल व पंजाब में चिट्टे की तस्करी करता था। नाइजीरियन मूल के पकड़े गए आरोपी की जब पुलिस ने हिस्ट्री खंगाली तो पता चला कि यह इससे पहले 2018 और 2019 में तिहाड़ जेल में भी एनडीपीएस अधिनियम के मामले में बन्द रह चुका है।
दरअसल पुलिस ने बीते 16 सितंबर को शिमला के उपनगर न्यू शिमला में एक न्यू हाउस में 22 से 27 वर्ष की आयु के पांच युवको को चिट्टे का सेवन करते हुए पकड़ा था। पुलिस को इन युवकों के पास से 1.93 ग्राम चिट्टा और सुई के साथ सीरिंज, तौलने की मशीन, आधे जले हुए नोट, लाइटर, फॉयल पेपर और इस्तेमाल किया हुआ चम्मच भी बरामद हुआ था। पुलिस ने इन पांचों युवको से जब पूछताछ की तो बैकवर्ड लिंकेज पर काम करते हुए एक 49 वर्षीय आरोपी को पंजाब के जीरकपुर में पकड़ा गया।
पुलिस ने उसे बीते 18 सितंबर को धारा 29 एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया था। पुलिस को उसके पास से भी 10.34 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। पुलिस ने पंजाब के जीरकपुर से पकड़े गए आरोपी से सख्ती से पुछताछ की। पुलिस की पुछताछ में पकड़े गए आरोपी ने दिल्ली के उत्तम नगर में रहने वाले 38 वर्षीय नाइजीरियन नागरिक का राज उगल दिया। पुलिस ने तुरत टीम गठित कर नाइजीरियाई नागरिक को पकडने के लिए दिल्ली रवाना कर दी। पुलिस ने वहां स्थानीय पुलिस की मदद से जाल बिछाकर आरोपी को दबोच लिया।