सोलन, 24 सितंबर : प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई हुई है, जिससे आमजन परेशान है। अधिकतर लोग हिमाचल से बाहरी राज्य में इलाज करवाना बेहतर समझ रहे हैं। यह बात कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व प्रदेश सोशल मीडिया अभिषेक राणा ने सोलन में पत्रकारवार्ता के दौरान कही।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक राणा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा ली गई आरटीआई में खुलासा हुआ है कि पीजीआई में लाखों मरीज जनरल ओपीडी में अपना चैकअप करवाने जा रहे हैं। जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं के दावे हवा हवाई हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि मात्र पीजीआई अस्पताल में हर वर्ष लाखों मरीज जा रहे हैं। आरटीआई में खुलासा हुआ है कि वर्ष 2018 मे पीजीआई में 2,27,576 लोग जर्नल चेकअप के लिए पीजीआई चंडीगढ़ गए।
वहीं, 2019 में 2,35, 657 लोग पीजीआई चंडीगढ़ गए। कोरोना काल में जब सब कुछ बंद था तब 2020 में ई पास बनाकर 75, 407 लोग पीजीआई गए। वहीं, 2021 में जुलाई तक 40,152 लोगों ने पीजीआई पर भरोसा दिखाया। उन्होंने कहा कि यह एक चिंता का विषय है। जो बाहरी राज्य में लोग बड़ी संख्या में जर्नल ओपीडी में जा रहे हैं। इसके अलावा रेफरल मरीजों का आंकड़ा अभी उपलब्ध नहीं हो पाया है।
उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री व प्रदेश सरकार को इस लाचार स्वास्थ्य व्यवस्था को दोषी करार दिया। उन्होंने कहा की प्रदेश में स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले में स्वास्थ्य सेवाएं हाफ रही है। अस्पतालों में अधिकतर मशीनें ख़राब है, जिस वजह से मरीजों का इलाज करवाने में डॉक्टरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।