मंडी, 23 सितंबर : आधी रात को पीड़िता की मदद करने उसके ससुराल पहुंची पुलिस टीम पर पथराव हो गया। इस पथराव में एएसआई रविंद्र कुमार घायल हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार धर्मपुर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले चनौता गांव की एक विवाहिता ने बीती रात धर्मपुर थाना को फोन करके सूचना दी कि उसे ससुराल वाले प्रताड़ित कर रहे हैं और घर से बाहर निकाल दिया है।
एएसआई रविंद्र कुमार अपनी टीम के साथ रात करीब 12 बजे पीड़िता के ससुराल पहुंचे। जैसे पुलिस टीम यहां पहुंची तो पीडि़ता की सास, ससुर और देवर ने पुलिसकर्मियों पर पत्थरों से हमला कर दिया। पुलिस टीम को संभलने का मौका भी नहीं मिला। पत्थरों से किए हमले में एएसआई रविंद्र कुमार को चोट लग गई। अन्य पुलिस कर्मी उन्हें रात को सिविल हॉस्पिटल धर्मपुर ले आए जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
वीरवार सुबह थाना प्रभारी कुलदीप सिंह के नेतृत्व में टीम दोबारा घटनास्थल पर गई और मामले की जांच पड़ताल की। हालांकि इस दौरान हमला करने वाले घर पर नहीं मिले। डीएसपी सरकाघाट तिलक राज ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सरकारी काम में बाधा पहुंचाने को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।