ऊना, 23 सितम्बर : हिमाचल में देर रात एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। पुलिस थाना गगरेट के तहत आशा देवी में बाइक पर सवार तीन पुलिस कर्मियों को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे में 2 की मौके पर मौत हो गईं। जबकि एक से अस्पताल जाते हुए दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान मनोज कुमार, शुभम व विशाल के रूप में हुई है और तीनों चौथी आईआरबीएन बटालियन (4th IRBN Battalion) के जवान थे। बताया जा रहा है कि तीनों की उम्र 25 से कम है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में ले जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात 10:30 बजे के करीब तीनों जवान एक बाइक पर सवार होकर आशादेवी में स्थित पुलिस चैक पोस्ट पर जा रहे थे, तो रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को कुचल दिया। तीनों सिविल ड्रेस में थे। लेकिन उनके आईकार्ड से उनकी पहचान की गई। इन तीनों पुलिस कर्मियों की दो दिन पहले ही ऊना में तैनाती हुई थी। इनमे से दो जवान हमीरपुर के भोरंज व एक बड़सर का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुरी पेट्रोल पंप से 150 मीटर की दूरी पर जब जोर से धमाका हुआ तो कोविड ड्यूटी दे रहे अध्यापकों ने वहां जाकर देखा तो दो जवानों की मौत हो चुकी थे। जबकि एक जवान सड़क किनारे तड़प रहा था। गंभीर रूप से घायल जवान को ऊना अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। अज्ञात वाहन टक्कर मारकर फरार चूका था। एसपी ऊना अर्जित सेन ने बताया कि पुलिस मामले को लेकर जांच कर रही हैं।