नाहन, 22 सितंबर: शहर के कच्चा टैंक इलाके में कुछ अरसे से एक युवती बदहवास अवस्था में घूमती नजर आती है। हालांकि पुलिस ने उसकी कई मर्तबा मदद भी की, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। मंगलवार रात मामला एसपी ओमापति जमवाल के संज्ञान में भी आ गया। इसके बाद एसपी ने अपने स्तर पर भी वजह को तलाशना शुरू कर दिया है।
फिलहाल ये सामने आ रहा है कि मनोवैज्ञानिक स्थिति (साइकोलाॅजी) हालत ठीक नहीं है। हालत सामान्य होने की स्थिति में ही पुलिस को पता चल सकता है कि असल में उसकी आपबीती क्या है। प्रारंभिक जांच में तो ये पता चल रहा है कि उसकी शादी शहर में ही हुई है। मगर इसकी गहराई से तस्दीक की जानी बाकी है। 18 से 20 साल की युवती आखिर अपना ससुराल होने के बावजूद ऐसे हालात में क्यों घूमती है, इसका सवाल आसपास के लोग भी ढूंढते नजर आ रहे हैं।
आशंका ये भी जाहिर की जा रही है कि कई बदहवास घूमने वाली युवती का शारीरिक शोषण तो नहीं हो रहा। यह अलग बात है कि मेडिकल जांच के बाद ही इन आशंकाओं की तस्दीक हो सकती है।
एमबीएम न्यूज नेटवर्क से बातचीत में एसपी ओमापति जमवाल ने कहा कि कच्चा टैंक पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि पूरी जानकारी जुटाई जाए। उन्हें फीडबैक मिला है कि युवती का ससुराल नाहन में ही है। तमाम जानकारियां जुटाने के बाद अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसपी ने कहा कि ये सही बात है कि युवती की मनोवैज्ञानिक स्थिति ठीक नहीं है। सही तरीके से बात करने की स्थिति में आने पर ही उसकी आपबीती पता चल सकती है। एसपी ने माना कि कई मर्तबा ऐसे मामले काफी संवेदनशील पाए जाते हैं। लिहाजा, कोताही की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।