शिमला , 20 सितंबर : हिमाचल की राजधानी शिमला में वीवीआइपी मूवमेंट जारी है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के बाद अब कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी शुकुन के पल बिताने शिमला आई हैं। पंजाब में कांग्रेस शासित सरकार के मुख्यमंत्री के चयन के बाद सोनिया गांधी सोमवार को पहाड़ों की रानी शिमला पहुंची।
सोनिया गांधी अपनी बेटी प्रियंका वाड्रा का शिमला के निकट छराबड़ा में बने मकान में पहुंची हैं। सोनिया गांधी ने दिल्ली से चंडीगढ़ तक का सफर हवाई मार्ग से किया, उसके आगे सड़क मार्ग से छराबड़ा पहुंची।
बताया जा रहा है कि तीन दिन छराबड़ा में रहने के बाद वे वीरवार को दिल्ली रवाना होंगी। कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह करीब 11 बजे सोनिया का काफिला छराबड़ा पहुंचा। पुलिस ने छराबड़ा में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। प्रियंका के घर के आसपास सुरक्षा के मद्देनजर जवानों की तैनाती कर दी गई है। सोनिया गांधी के आने से हिमाचल में पुलिस प्रशासन एवं सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
बता दें कि प्रियंका गांधी अपने पति रॉबर्ट वाड्रा और बच्चों के साथ शिमला में पहले से मौजूद हैं। प्रियंका वाड्रा का शिमला के छराबड़ा में अपना घर है। अक्सर वह यहां पर छुट्टियां मनाने के लिए आती हैं। सोनिया गांधी प्रियंका वाड्रा के निर्माणाधीन घर को देखने कई बार शिमला आ चुकी हैं।