सुंदरनगर,19 सितंबर: विकास खंड के गांव कंदार निवासी एक 33 वर्षीय सैनिक की कमांड अस्पताल कोलकाता में बीमारी से जूझते हुए मौत हो गई है। वहीं सैनिक के निधन की सूचना मिलते ही संपूर्ण क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार विधानसभा क्षेत्र सुंदरनगर के अंतर्गत ग्राम पंचायत कंदार के राजेंद्र कुमार(33) पुत्र बेसाखु राम गांव कंदार डाकखाना खुराहल तहसील सुंदरनगर जिला मंडी आसाम राइफल में सेवारत था। आजकल मणिपुर में अपनी सेवाएं दे रहे थे। राजेंद्र कुमार काफी दिनों से बीमार चल रहे थे जिसके चलते वह मिलिट्री हॉस्पिटल में दाखिल थे।
पुष्टि करते हुए ग्राम पंचायत कंदार के उपप्रधान प्रकाश ने कहा कि राजेंद्र कुमार कुछ समय पहले ही वापिस अपनी यूनिट मणिपुर के लिए गए थे।घर आने से पहले उन्हें सेना के कमांड अस्पताल कोलकाता में उपचाराधीन थे। जहां उनके स्वास्थ्य में सुधार होने के उपरांत राजेंद्र को एक माह की छुट्टी पर घर भेज दिया था। उन्होंने कहा कि राजेंद्र छुट्टी पूरी कर वापिस जाते समय कमांड अस्पताल कोलकाता में चेकअप के लिए भर्ती थे और वहां उनके टैस्ट लिए गए। इस दौरान अचानक राजेंद्र की तबीयत खराब होने पर उन्हें शुक्रवार को आईसीयू में भर्ती करवाया गया। जहां बीते कल शाम उनकी मौत हो गई।
राजेंद्र कुमार अपने पीछे माता-पिता,पत्नी,एक 5 और 7 वर्षीय बेटा और दो भाई छोड़ गए हैं। प्रकाश ने कहा कि अभी राजेंद्र कुमार का शव घर नहीं पहुंचा है और कल दोपहर तक पार्थिव देह पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि शव को दिल्ली हवाई जहाज और उसके बाद उनके पैतृक गांव कंदार एंबुलेंस के माध्यम से लाकर उनका अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया जाएगा।