सुंदरनगर, 18 सितंबर : एक और प्रदेश सरकार बेसहारों को सहारा देने को लेकर कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। वहीं कुछ लोग सरकारी फायदों से कोसों दूर है। ऐसा ही एक मामला, मंडी जिला में सामने आया है। जहां ग्राम पंचायत रोहांडा का एक व्यक्ति बीमारियों से जूझते-जूझते अपने अंतिम समय का इंतजार कर रहा है। ग्राम पंचायत रोहांडा के बुरहानी गांव के रहने वाला उत्तम चंद पिछले 20 वर्षों से विभिन्न बीमारियों से ग्रसित है और इसके साथ पीड़ित की मां, नानी और पत्नी रहती है।
उत्तमचंद चलने-फिरने में असमर्थ है और उसकी माता और नानी भी बिस्तर पर हैं। ऐसी स्थिति में उत्तम चंद की पत्नी ही रोजी रोटी कमाने का एक ही सहारा है। इस स्थिति में उत्तमचंद के लिए अपनी दवाई और घर का खर्चा चलाना बहुत भी मुश्किल हो गया है। वहीं, उत्तम चंद को सरकार की तरफ से आज तक कोई भी मदद नहीं मिल पाई है। उन्होंने मांग की है कि सरकार की ओर से उन्हें दवाइयां और घर चलाने का थोड़ा खर्चा दिया जाए, ताकि वह अपने परिवार का गुजारा कर सके।
वहीं मामले में रोहांडा पंचायत के पूर्व प्रधान प्रकाश चंद और जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सर्व दिले राम ने कमरूनाग मार्ग पर लगभग 7 किलोमीटर का पैदल सफर तय कर उत्तम चंद के घर पहुंच कर हालात का जायजा लिया और पूरी जानकारी हासिल की। प्रकाश चंद और दिले राम ने कहा कि मामले की जानकारी जिला प्रशासन को दी जाएगी, ताकि उत्तम चंद की सरकार की ओर से मदद की जा सके।