शिमला,15 सितंबर : हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को छह फीसदी महंगाई भत्ते (डीए) की अधिसूचना जारी कर दी है। पहले यह 153 फीसदी था, जो अब बढ़कर 159 फीसदी हो गया है। यह आदेश सितंबर 2021 से प्रभावी होगा। कर्मचारियों और पेंशनरों को अक्टूबर में मिलने वाले वेतन से नई दरों पर डीए मिलेगा।
वित्त विभाग द्वारा बुधवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक डीए 1 जुलाई 2021 से दिया जाएगा। 1 जुलाई से 31 अगस्त 2021 तक मिलने वाले अतिरिक्त एरियर को कर्मचारियों के जीपीएफ खाते में डाला जाएगा। इस पर ब्याज 1 अक्टूबर से देय होगा।
अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त प्रबोध सक्सेना द्वारा जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि जो कर्मचारी बीच में सेवानिवृत्त हुए हैं और कंट्रीब्यूटरी पेंशन स्कीम के तहत आते हैं, उन्हें डीए की किश्त का एरियर उनके खातों में नकदी के रूप में डाला जाएगा।
जबकि निगमों-बोर्डों और अन्य स्वायत्त संस्थाओं के कर्मचारियों को डीए की यह किश्त उनकी आर्थिक स्थिति के अनुसार दी जाएगी। डीए की दरें बढ़ने से प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों-पेंशनरों को मिलेगा। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 15 अगस्त को राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान डीए की किश्त 6 फीसदी बढ़ाने की घोषणा की थी।