हमीरपुर, 12 सितम्बर : पुलिस थाना भोरंज के तहत आने वाले क्षेत्र की एक विवाहिता ने फंदा लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। महिला अपने मायके आई हुई थी। यहां पर विवाहिता ने फंदा लगा लिया। जब तक परिजनों को इस बात का पता चला तो काफी देर हो चुकी थी। परिजन महिला को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर भी कुछ गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मायका पक्ष की शिकायत के उपरांत कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अवाहदेवी पुलिस चौकी के तहत क्षेत्र की एक महिला जिसकी शादी महज सात से आठ माह पूर्व हुई थी, अपने मायके आई हुई थी।
पारंपरिक प्रथा के अनुसार नवविवाहिता का काला महीना काटने के लिए अपने मायके आना पड़ता है। नवविवाहिता भी इसी प्रथा का पूरा करने के लिए मायके आई थी। इसी दौरान महिला ने ये खौफनाक कदम उठा लिया। मायके में ही महिला ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है।
वहीं इस बारे में अतिरिक्त पुलिस थाना प्रभारी भोरंज जगपाल गुलेरिया ने बताया कि महिला ने फंदा लगाकर जान दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मायका पक्ष के बयान कलमबद्ध करने के बाद कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।