चंबा,11 सितम्बर : वार्षिक संस्कार को लेकर एक कैदी को उसके घर लेकर गई पुलिस टीम की सांसे उस वक्त फूल गई, जब कैदी चकमा देकर मौके से फरार हो गया। घर से करीब नौ किलोमीटर की दूरी पर ब्रंगाल चौकी पुलिस टीम ने आरोपी को कड़ी मशक्कत के साथ मलूर गांव के समीप पकड़ा। इसके बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
दरअसल, उक्त कैदी की माता का देहांत एक साल पहले हुआ था। वार्षिक संस्कार के लिए कैदी को एक दिन के पेरोल पर घर भेजा गया था। लेकिन मौका देखकर कैदी वहां से फरार हो गया। इसके चलते पुलिस टीम में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना नजदीकी पुलिस चौकी सहित बैरियर पर दी गई। ब्रंगाल पुलिस टीम ने कैदी को धर दबोचा।
गौरतलब है कि उक्त कैदी दुष्कर्म के आरोप में सजा काट रहा है। करीब अढ़ाई घंटे तक पुलिस टीम कैदी की तलाश में जुटी रही। चौकी प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि कैदी को पकड़ लिया गया है। साथ ही किहार थाना में भागने पर एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।