सोलन, 10 सितंबर : नगर परिषद के नगरनिगम बनते ही नगरनिगम के कर्मचारी एक्टिव मोड़ में नजर आ रहे है। राजस्व विभाग व नगर निगम के द्वारा वार्ड नंबर 3 में 13 बिस्वा सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया। पुलिस के पहरे के बीच निशानदेही की, जिसमें नगर निगम व सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा निकला।
विभाग को शिकायत मिली थी कि एक व्यक्ति द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किया है और इसका व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा है। विभाग ने इसका कड़ा संज्ञान लिया। निशानदेही में पाया गया कि 3 बिस्वा भूमि पर मक्की की फसल लगी है, एक बिस्वा से कम भूमि पर मकान तथा शेष भूमि खाली है लेकिन इसके चारों ओर बाड़ बंदी की गई है।
वहीं वार्ड नंबर तीन में निगम ने एक अवैध निर्माण को तोड़ दिया। वहीं वार्ड नंबर दो व वार्ड नंबर तीन की सीमा पर एक व्यक्ति द्वारा सड़क किनारे पर अवैध रूप एक दुकान का निर्माण किया जा रहा था। हालांकि अभी दुकानों की चारदीवारी ही खड़ी की गई थी। इसी बीच किसी व्यक्ति ने नगर निगम को अवैध निर्माण की शिकायत कर दी। निगम के एसडीओ व कनिष्ठ अभियंता अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए। यह देखकर सब हैरान रहे गए कि सड़क में ही एक दुकान का निर्माण किया जा रहा है।
इसके कारण यह सड़क भी संकरी हो गई थी। बड़ी बात यह है कि नाले पर लैंटर डालकर सड़क को बनाया गया है। निगम के अधिकारियों ने मौके पर ही इस अवैध निर्माण को तोड़ने के आदेश जारी कर दिए। निगम के कर्मचारियों ने तुरंत इस अवैध निर्माण को गिराना शुरू कर दिया। निगम के कनिष्ठ अभियंता विनोद पाल ने बताया कि सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण को तोड़ दिया गया। इस मौके पर राजस्व विभाग के अधिकारी, नगर निगम अधिकारी, कर्मचारी व वार्ड पार्षद रंजनी, सुषमा शर्मा मौके पर मौजूद रहे।