कुल्लू, 27 अगस्त : कोर्ट परिसर में हुई मारपीट मामले में पुलिस लोगों को भी गिरफ्त में ले लिया है। इनमे से एक मामले का मुख्य आरोपी भी है। घटनाक्रम का मुख्य आरोपी खीमी राम जो भाजपा के सह मीडिया प्रभारी है, को आज कुल्लू के न्यूली के थरमान गांव से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
शुक्रवार को पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन दो आरोपी अभी भी फरार चल रहे थे। इसमे मारपीट का मुख्य आरोपी भी शामिल था, जिसको पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
कुल्लू के एसपी गरुदेव शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि मारपीट के मामले में फरार दो आरोपियों की पुलिस जगह-जगह पर तलाश कर रही थी। इसमें मुख्य आरोपी खीमी राम उर्फ सिद्धू भी शामिल था। भगोड़े आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने दिन-रात अलग-अलग जगह पर छापेमारी की। लेकिन आरोपी पुलिस के चंगुल में नहीं आए।
वहीं जब आरोपी नहीं पकड़े गए तो पुलिस ने इन्हें पकड़ने के लिए एक जाल बिछाया। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी वाइट एज रेस्टोरेंट में खाना खाने बैठे हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति का मुआयना लिया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार दोपहर को पुलिस ने छापा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में नए तथ्य आने की भी संभावना है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। घटना में अन्य आरोपियों के संलिप्त होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
एक अन्य जानकारी के मुताबिक शनिवार को सीएम जयराम ठाकुर कुल्लू दौरे पर आ रहे हैं, लिहाजा मामला और भी ज्यादा गंभीर हो सकता है। सीएम दौरे के कुछ घंटे पहले ही मुख्य आरोपी खीमी राम का गिरफ्तार होना इत्तफाक है या नहीं, यह तो जांच का विषय है।
बता दें कि मंगलवार को कुल्लू के कोर्ट परिसर में पैसों के लेनदेन को लेकर मारपीट का एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें पूर्व प्रधान पति-पत्नी व भाजपा के सह मीडिया प्रभारी के बीच मारपीट हुई थी। मामला यहीं तक नहीं रुका, बल्कि इसके अगले दिन पति-पत्नी पर एक जानलेवा हमला हुआ। जिसमें उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया गया। हमले के बाद जख्मी महिला के पति का इलाज नेरचौक मेडिकल कॉलेज में चल रहा था, जिन्हें अब गंभीर हालत के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाए की यह हमला भाजपा के सह मीडिया प्रभारी द्वारा कराया गया है।
बताया गया कि मुख्य आरोपी द्वारा यह हमला द्वेष में आकर करवाया गया। इसके बाद से मामला तूल पकड़ने लगा। लेकिन अब पुलिस ने मामले के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। देखना यह होगा की मामला किस करवट बदलता है व आगामी जांच में आता है।