मंडी, 26 अगस्त : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कहना है कि सरकाघाट के बच्चे पढ़ाई और लड़ाई दोनों में हमेशा आगे रहते हैं। यह बात सीएम जयराम ठाकुर ने बलद्वाड़ा में आयोजित जनसभा में मजाकिया अंदाज में कही। जयराम ठाकुर द्वारा यह बात कहते ही पूरा पंडाल ठहाकों से गूंज उठा। दरअसल सीएम ने डिग्री कॉलेज बलद्वाड़ा में साइंस कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की।
घोषणा के साथ ही उन्हें अपने कॉलेज के दिन याद आ गए। उन्होंने बताया कि उस दौर में सिर्फ मंडी में ही कालेज होता था और सरकाघाट क्षेत्र के बच्चे भी वहीं पर ही पढ़ने आते थे। क्षेत्र के बच्चे पढ़ने और लड़ने में आगे थे। जब कभी कॉलेज में झगड़ा होता था तो सभी समझ जाते थे कि किसके साथ हुआ है। जयराम ने कहा कि सरकाघाट गर्म क्षेत्र वाला इलाका है और यहां की तासीर गर्म है इसलिए यहां के लोगों में गर्मजोशी होना स्वभाविक है।
वहीं जयराम ठाकुर ने नारी शक्ति का भी मजाकिया अंदाज में बखान किया। उन्होंने कहा कि जब से महिलाओं को पंचायतों में 50 प्रतिशत का आरक्षण मिला है, तभी से ही जनसभाओं में महिलाओं की भागीदारी पुरूषों के मुकाबले बढ़ गई है। जल्द ही महिलाओं की यह भागीदारी विधानसभा में भी नजर आएगी और तब पुरुष नेता मंच पर कहीं कोने में नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं घर के कामकाज के साथ अन्य कार्यों और क्षेत्रों में भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं जोकि एक बेहतरीन बात है।