सोलन, 20 अगस्त : हिमाचल के नालागढ़ उपमंडल में रिश्तों को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। पैसों के लालच में माता-पिता द्वारा बेटी से देह व्यापार करवाया जा रहा था। इस कृत्य में पीड़िता के भाई भी शामिल पाए गए हैं। शर्मनाक घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब युवती की हालत बिगड़ी। इसके बाद परिजन युवती को उसकी बुआ के घर यमुनानगर छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पीड़िता ने खुलासा किया कि उसकी दो बड़ी बहनें भी यही काम करती हैं। ये भी आरोप है कि बेटी को वेश्यावृत्ति में धकेलने वाले पीड़िता के अलावा उसकी बुआ-फूफा को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान लेकर उसके मां-बाप, चाचा व दो भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में 20 वर्षीय युवती ने बताया कि वो अपने पिता, मां, चाचा, दो भाई के साथ हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ क्षेत्र में रहती थी।
आरोप है कि माता पिता व उसके भाईयों ने उस पर देह व्यापार करने का दबाव बनाया। इंकार करने पर पीड़िता को पीटा जाता था। इससे घर का खर्चा चलाया जाता है। लिहाजा उसे भी यही काम करने का दबाव बनाया जाता था। जबरन उससे वेश्यावृति के लिए मजबूर किया जाता था। डीएसपी नवदीप ने कहा कि गहनता से जांच जारी है।