रिकांगपिओ, 11 अगस्त : हिमाचल के किन्नौर के निगुलसरी के समीप पहाड़ दरकने की खबर के बाद से खलबली मच गई है। ये हादसा, बुधवार को दोपहर 12 से 1 बजे के बीच का बताया गया है। आशंका जाहिर की जा रही है कि पहाड़ों से टूटी चट्टानों की चपेट में हिमाचल पथ परिवहन निगम की मुरंग से हरिद्वार जा रही बस भी चपेट में आई है। अड्डा प्रभारी के मुताबिक बस में 20 से 22 सवारियां मौजूद थी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मौके पर लैंड स्लाइड की वजह से खतरा बना हुआ है। एनएच-5 अवरुद्ध है। ये साफ नहीं हुआ है कि बस में कितने यात्री सफर कर रहे थे। बस के अलावा एक टिप्पर व निजी वाहन भी भूस्खलन की जद में आया है। मौके से मिली तस्वीरों में टिप्पर व निजी वाहन मलबे में दबा दिख रहा है। लैंड स्लाइड के दौरान बनाया गया करीब पौने दो मिनट का वीडियो भी सामने आया है। इसमें वीडियो बनाने वाले बस के चपेट में आने की बात कह रहे हैं।
प्रशासनिक स्तर पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। ये इलाका किन्नौर के भाबानगर उपमंडल के तहत आता है। उल्लेखनीय है कि 25 जुलाई को पर्यटकों की ट्रेवलर लैंड स्लाइड की चपेट में आ गई थी। इसमें 9 की मौत हो गई थी, जबकि दो सुरक्षित बच गए थे। दीगर है कि हिमाचल के किन्नौर, चंबा, सिरमौर, कुल्लू व लाहौल-स्पीति में इस साल भूस्खलन की करीब आधा दर्जन घटनाएं हुई हैं। सिरमौर के अलावा बाकी जिलों में करीब डेढ़ दर्जन लोगों की जान गई है।
उधर, एमबीएम न्यूज नेटवर्क ने किन्नौर के उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो पाई। माना ये जा रहा है कि समूचा प्रशासन इस वक्त घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने की कोशिश कर रहा है, मगर भूस्खलन का खतरा बने होने के कारण इसे तत्काल प्रभाव से शुरू नहीं किया जा सकता। उल्लेखनीय है कि लैंड स्लाइड की ये घटना रिकांगपिओ व रामपुर के बीच हुई है।