नाहन, 3 अगस्त : मंगलवार सुबह श्री रेणुका जी-हरिपुरधार मार्ग पर लैंड स्लाइड के बाद अब नाहन-शिमला मार्ग पर भी भूस्खलन का समाचार मिला है। मौके पर फंसे लोगों ने एमबीएम न्यूज नेटवर्क को बताया कि करीब आधा घंटा पहले मार्ग अवरुद्ध हो गया है। पहाड़ी की तरफ से बड़ी-बड़ी चट्टानें सड़क पर आ गिरी हैं। इस कारण दोनों तरफ वाहनों की बड़ी-बड़ी कतारें भी लगी हुई हैं। चट्टानों के बीच से केवल दो पहिया वाहन ही गुजर रहे हैं।
ये लैंड स्लाइड दोसड़का से लादू की तरफ पैट्रोल पंप के नजदीक हुआ है। बता दें कि इस जगह पर पहले भी भूस्खलन हो चुका है। भूस्खलन के कारण सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसके बाद लंबे अरसे से वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। नाहन-शिमला मार्ग पर नैनाटिक्कर तक बरसात में दो-तीन प्वाइंटस पर भूस्खलन की आशंका रहती है। हल्के भूस्खलन के कारण ट्रैफिक को जल्द बहाल कर लिया जाता है।
उधर, ये भी बताया जा रहा है कि मंगलवार के भूस्खलन के कारण बडे़-बड़े बोल्डर सड़क पर आ जाने के कारण छोटी मशीन से हाईवे को बहाल करना आसान नहीं है। दीगर है कि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून को भी यही मार्ग हिमाचल की राजधानी से कम दूरी से जोड़ता है। उधर, मौके पर फंसे आबकारी व कराधान विभाग के उप आयुक्त प्रीत पाल सिंह ने एमबीएम न्यूज नेटवर्क को बताया कि फिलहाल हाईवे को बहाल करने का कार्य शुरू नहीं हुआ है।