मंडी, 03 अगस्त : हिमाचल प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा में नए अध्यक्ष को लेकर लॉबिंग शुरू हो गई है। मौजूदा अध्यक्षा रश्मिधर सूद को राज्य सरकार में स्थान मिल गया है। उन्हें हाल ही में पर्यटन विकास निगम का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। हालांकि अभी वे महिला मोर्चा के अध्यक्ष पद पर भी बनी हुई हैं, लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही संगठन उन्हें इस पद से भारमुक्त करके किसी नए चेहरे को अध्यक्ष पद का दायित्व सौंपेगा।
इसके लिए जिला से दो नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहे हैं। इनमें पहला नाम है जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की बेटी एवं जिला परिषद सदस्य वंदना गुलेरिया का और दूसरा नाम नगर निगम ज़िला की पार्षद सुमन ठाकुर का है। वंदना गुलेरिया मौजूदा समय में प्रदेश महिला मोर्चा की संगठन मंत्री हैं और सुमन ठाकुर मंडी जिला महिला मोर्चा की अध्यक्षा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर हाल ही में दिल्ली जाकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से इस संदर्भ में मुलाकात कर चुके हैं और ऐसा भी बताया जा रहा है, कि उन्हें वहां से पॉजिटिव रिस्पांस मिला है। वहीं दूसरी तरफ सुमन ठाकुर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के करीबियों में से एक हैं और ऐसे में उनका नाम भी चर्चा में चल रहा है। सुमन ठाकुर का पॉजिटिव प्वाइंट यह भी है कि उन्हें आरक्षण के चलते नगर निगम का अध्यक्ष बनने का मौका नहीं मिल सका था, जबकि वो इस पद की सबसे प्रबल दावेदार थी।
माना जा रहा है कि संगठन में उनका कद बढ़ाने पर विचार चल रहा है। हालांकि भाजपा की कुछ अन्य नेत्रियां भी अध्यक्ष पद की लॉबिंग में जुटी हुई है, लेकिन सबसे प्रबल दावेदारी जिला से इन दो नेत्रियों की ही मानी जा रही है।