शिमला, 31 जुलाई : हिमाचल की राजधानी में दलगत राजनीति से उठकर भाजपा शासित नगर निगम ने जननायक वीरभद्र सिंह की प्रतिमा को स्थापित करने का फैसला लिया है। मासिक बैठक में हालांकि कई अन्य फैसले भी लिए गए, लेकिन इस फैसले की प्रशंसा हो रही है। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी दलगत राजनीति से अलग होकर दिवंगत वीरभद्र सिंह के निधन पर अपनी मौजूदगी दर्ज की थी।
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा को रिज मैदान पर दौलत सिंह पार्क में लगाने का निर्णय लिया गया है। कांग्रेस की पार्षद सिम्मी नंदा ने ये प्रस्ताव रखा था। इस पर भाजपा पार्षदों ने सहर्ष सहमति प्रदान करने में एक पल भी नहीं गंवाया। ध्वनिमत से सदन में इस प्रस्ताव को पारित कर दिया गया। कांग्रेसी नेता लगातार पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिमा को स्थापित करने की मांग कर रहे थे। इसमें कोई दो राय नहीं है कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने राजनीतिक जीवन में जिस तरह के आयाम स्थापित किए, उसकी पुनरावृति भविष्य में शायद ही कोई कर पाए।
दिवंगत वीरभद्र सिंह की अंतिम यात्रा में उमड़े जनसैलाब ने ये साबित कर दिया था कि वीरभद्र सिंह लाखों दिलों में राज करते थे। कुल मिलाकर भाजपा शासित नगर निगम ने प्रतिमा को स्थापित करने का सराहनीय निर्णय लिया है।