शिमला, 31 जुलाई : राजधानी में बारिश से नुकसान का सिलसिला थम नहीं रहा है। नगर निगम के रुलदु भट्ठा वार्ड में बारिश की वजह से मकान का एक हिस्सा ढह गया। शनिवार सुबह हुए हादसे में 9 वर्षीय बच्ची जख्मी हुई है। उसे आईजीएमसी अस्पताल ले जाया गया है। बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
जानकारी अनुसार मकान के पास ही नाला बहता है। भारी बारिश के कारण सुबह करीब 6 बजे मकान का एक हिस्सा भरभरा कर गिर गया। एक बच्ची इसकी चपेट में आकर घायल हुई। घटना के वक्त परिवार के बाकी सदस्य मकान में ही मौजूद थे, जो बाल-बाल बच गए। प्रभावित परिवार को अभी प्रशासन की तरफ से फौरी राहत नहीं मिली है।
बता दें कि मानसून सीजन में निजी व सार्वजनिक संपति को 520 करोड़ का नुकसान पहुंच चुका है। राज्य आपदा प्रबंधन के मुताबिक प्रदेश में बारिश की वजह से अब तक 592 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इनमें 107 मकान पूर्ण रूप से तबाह हुए हैं, जबकि शेष मकानों को आंशिक क्षति हुई है।