सरकाघाट (मंडी), 29 जुलाई : पहले हिमाचल के सरकाघाट के रहने वाले प्रज्जवल शर्मा को नन्हें समाज सेवक की उपाधि मिली हुई थी। लेकिन अब उसे इलाके में पर्यावरण प्रेमी की भी उपाधि हासिल हो गई है। लंबे अरसे पहले प्रज्जवल ने एक हजार पौधों को रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया था। वीरवार को इस लक्ष्य को पूरा कर लिया।
सूबे के पशुपालन, कृषि, ग्रामीण व पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर के साथ वीरवार को पौधारोपण में हिस्सा लिया। इस मौके पर मंत्री ने नन्हें पर्यावरण प्रेमी की सोच को सेल्यूट किया। साथ ही सम्मानित भी किया। मंत्री ने प्रज्जवल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। साथ ही उज्जवल भविष्य की भी कामना की। हर कोई इस बात से इत्तफाक रख रहा था कि परिवार के संस्कार अगर इस तरह के होंगे तो निश्चित तौर पर ही आने वाले वक्त में पर्यावरण के पहरेदार ये बच्चे ही होंगे।
स्थानीय विधायक कर्नल इन्द्र सिंह भी प्रज्जवल शर्मा से बेहद प्रभावित हुए। पहले हर कोई प्रज्जवल को समाजसेवक के रूप में पहचानता था, लेकिन अब वह पर्यावरण प्रेमी के रूप में भी उभरा है। इस दौरान प्रज्जवल ने कैबिनेट मंत्री को बताया कि 2025 तक पांच हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। ये प्रेरणा उसे पिता से मिली है। पौधारोपण कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
गौरतलब है कि कोविड संकट के दौरान प्रज्जवल ने न केवल जरूरतमंदों तक खाना पहुंचाया, बल्कि मास्क व सेनिटाइजर भी वितरित किए थे।