हरिपुरधार, 29 जुलाई : संगड़ाह उपमंडल की हरिपुरधार तहसील के बियोंग गांव में भूस्खलन की चपेट में आने से करीब आधा दर्जन मवेशियों की मौत हो गई है। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर मवेशियों को मलबे से निकाला। भूस्खलन के बाद गांव के कंठी राम व रमेश शर्मा के घरों को भी खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि दो गायों, दो बछड़ों व दो बकरों की भूस्खलन की चपेट में आने से मौत हुई है।
गनीमत इस बात की रही कि घरों पर मलबा नहीं गिरा, अन्यथा जानी नुकसान भी हो सकता था। उपमंडल की दर्जनों सड़कें भूस्खलन के चलते अवरुद्ध पड़ी हुई हैं। संगड़ाह-ददाहू मार्ग भी कई बार अवरुद्ध हो गया। इस कारण आम जन जीवन पर असर पड़ा है।
उधर, ग्रामीणों ने प्रशासन से बियोंग गांव में नुक्सान की भरपाई के लिए टीम को भेजने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि मूसलाधार बारिश से लोगों की नींद उड़ी हुई है।