शिमला, 23 जुलाई : हिमाचल सरकार ने रिक्त चल रहे हिमाचल विधानसभा के मुख्य सचेतक पद पर ताजपोशी कर दी है। चंबा के भटियात के भाजपा विधायक बिक्रम जरयाल सरकार के मुख्य सचेतक होंगे। वहीं हमीरपुर के भोरंज से भाजपा विधायक कमलेश कुमारी को उप मुख्य सचेतक बनाया गया है। कमलेश कुमारी पहली बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंची हैं। जबकि मुख्य सचेतक बने बिक्रम जरयाल लगातार दूसरी बार विधायक बने हैं।
शुक्रवार को विधानसभा सचिवालय ने दोनों नियुक्तियों की अधिसूचना जारी की है। मुख्य सचेतक बने बिक्रम जरयाल का कैबिनेट मंत्री के समकक्ष दर्जा होगा। उन्हें कैबिनेट मंत्री के समान वेतन व भत्ते मिलेंगे। साथ ही आवासीय सुविधा व हवाई व रेल यात्रा की सुविधा भी कैबिनेट मंत्री के बराबर ही मिलेगी।
वर्ष 2018 में विधानसभा के बजट सत्र में राज्य सरकार ने मुख्य सचेतक और सचेतक तैनात करने के संबंध में बिल पारित किया था। इसके बाद नरेंद्र बरागटा को मुख्य सचेतक नियुक्त किया था। बीते जून माह में बरागटा के निधन से ये पद रिक्त चल रहा था। उप सचेतक के पद पर काफी समय से खींचतान चल रही थी।
शुरू में इसके लिए वरिष्ठ विधायक रमेश धवाला नाम चर्चा में था लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया था। इन दोनों पदों पर सरकार ने चंबा और हमीरपुर को तरजीह देकर संतुलन साधने की कोशिश की है। दोनों जिलों को अभी तक प्रदेश मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिला था। वर्तमान में चंबा जिला से ताल्लुक रखने वाले विधायक हंसराज विधानसभा के उपाध्यक्ष हैं।