नाहन,15-जुलाई: बनोग स्थित पीजी कॉलेज में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित की गई है। इसका अनावरण विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने किया। स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आग्रह पर महाविद्यालय परिसर में स्थापित की गई है, ताकि विद्यार्थियों को विवेकानंद जी के जीवन दर्शन से प्रेरणा मिलती रहे।
डॉ. राजीव बिंदल ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद जी युवाओं के प्रेरणास्रोत थे। उनका जीवन दर्शन हमेशा ही युवाओं और समाज का मार्गदर्शन करता रहा है। डॉ. बिंदल ने कहा कि श्रद्धेय विवेकानंद जी की मूर्ति का आज अनावरण हुआ, यह अपने आप में प्रेरणादायी प्रसंग हैं। स्वामी विवेकानंद जी के विचारों में, पुरातन भारतीय इतिहास, संस्कृति, वेदना, विचार और चिंतन संपूर्ण रूप से समाहित है।
स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जहां विद्यार्थियों पर मां सरस्वती का आशीर्वाद है वहीं स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रेरणा स्रोत के नाते देश के अंदर सर्वश्रेष्ठ भूमिका में दिखाई देते हैं। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि विवेकानंद के नेतृत्व में, गुलामी के काल खंड में अंग्रेजों के शासनकाल में, भारत की प्रतिभाओं को, भारत के धर्म को, भारत की संस्कृति भारत के विचारों को विश्व के अंदर मान्यता मिली है। विवेकानंद जी ने भारत के युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा था, उठिए, जागिए और तब तक जागते रहिए जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्यामा पुंडीर, उपाध्यक्ष अनिवाश गुप्ता, पार्षदगण, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य, ओपी सैनी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष आर आर. शर्मा, मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर, भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग, महाविद्यालय के शिक्षक, गैर शिक्षक व अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।