सोलन,17 जुलाई: देश के लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक साइकिल सवार कोलकाता से चलकर सोलन पहुंचा। कोलकाता निवासी परिमल कांजी पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ का संदेश लेकर देश के भिन्न-भिन्न राज्यों में घूम रहे हैं। परिमल कांजी ने बताया कि उन्होंने अपनी यात्रा एक जनवरी 2021 को शुरू की थी। कोलकाता से वह उड़ीसा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र होते हुए गुजरात पहुंचेे। इसके बाद वह राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, जम्मू, श्रीनगर होते हुए कारगिल और लेह तक गए।
कांजी ने बताया कि कोरोना लॉकडाउन के कारण वह करीब दो माह तक जम्मू-कश्मीर में रहे। लॉक डाउन खुलने के बाद वह हिमाचल में पहुंचे। बुधवार देर शाम वह सोलन पहुंचे। इसके बाद वह उत्तराखंड, नेपाल, सिक्किम, पूर्वोत्तर राज्यों को कवर करने के बाद वापिस अपने घर कोलकाता पहुंचेंगे।
कांजी ने बताया कि साइकिल पर भारत जागरूकता अभियान उन्होंने सात माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया था, लेकिन लॉक डाउन में दो माह अधिक लगने के कारण अब यह सफर 9 माह में पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वह जगह-जगह युवाओं को अधिक से अधिक पौधारोपण और पर्यावरण को बचाने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जन जागरूकता से ही हम पर्यावरण को बचा सकते है।