शिमला, 12 जुलाई : कांग्रेस पार्टी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से रिज मैदान पर पार्टी की ओर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति मांगी है। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश के जन नायक हम सबके लोकप्रिय नेता, प्रदेश के छह बार के पूर्व मुख्यमंत्री कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री वीरभद्र सिंह आठ जुलाई की सुबह अपनी सांसारिक यात्रा पूरी कर इस दुनिया को अलविदा कह गए। प्रदेश के नव निर्माण में उनके योगदान को कभी न तो भुलाया जा सकता है और न ही कम आंका जा सकता है। उनके अंतिम संस्कार में उमड़े जन सैलाब से साफ है कि वीरभद्र सिंह कितने लोकप्रिय व जन मानस के नेता थे।
उन्होंने कहा कि हमारे बीच से एक ऐसा लोक प्रिय नेता चला गया जो सबके दिलों में वास करता था। अब हमारे पास उनकी स्मृतियां शेष रह गई है। उन स्मृतियों को याद रखना हमारा नैतिक कर्तव्य ही नहीं है बल्कि समाज के प्रति एक जिम्मेदारी भी है। लोकतंत्र में किसी भी राजनैतिक दल की सरकारें आती है जाती है। किसी भी राजनैतिक दल के कुछ नेता लोगों के दिलों में अपनी कोई अमिट छाप छोड़ जाते है, जो लोगों के दिलो में बस जाती है।
वीरभद्र सिंह उसमें से एक है जो लोगों के दिलों में बस गए है। एक ओर जहां प्रदेश के निर्माण में डॉ. यशवंत सिंह परमार के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता, वहीं प्रदेश के नव निर्माण में राजा वीरभद्र सिंह को भी कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। पहाड़ी राज्यों के विकास में आज हिमाचल प्रदेश एक विशेष स्थान रखता है, जिसका पूरा श्रेय वीरभद्र सिंह को ही जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की यह इच्छा है कि वीरभद्र सिंह की याद में शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में उनकी स्मृति में कोई स्मारक बनें। लिहाजा प्रदेश कांग्रेस उनकीं एक प्रतिमा रिज मैदान में स्थापित करना चाहती है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि रिज मैदान में कांग्रेस को कोई उपयुक्त स्थान उपलब्ध करवाया जाए जिससे वह अपने जन नायक व आधुनिक हिमाचल के निर्माता श्रधेय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा को स्थापित कर सकें।
उन्होंने मुख्यमंत्री से यह भी आग्रह किया है कि सरकार किसी बड़े सरकारी संस्थान का नाम वीरभद्र सिंह के नाम पर रखे, यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।