शिमला, 10 जुलाई : सप्ताह अंत के मौके पर राजधानी में पर्यटकों का तांता लग जाता है। हजारों सैलानी यहां के प्रसिद्ध रिज मैदान व माल रोड में घूमने पहुंचते हैं। कोरोना के खतरे के बीच अधिकांश सैलानी बिना मास्क लगाए घूमते देखे जा सकते हैं। सैलानियों को जागरूक करने के लिए स्थानीय पुलिस ने अनोखी पहल शुरू की है। ऐसे सैलानियों को पुलिस रोककर निशुल्क मास्क मुहैया करवा रही है। साथ ही उन्हें कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाकर ही घूमने को लेकर जागरूक किया जा रहा है।

पुलिस ने शनिवार को इस जागरूकता अभियान का आगाज करते हुए 250 पर्यटकों व लोगों में बांटे, जो बिना मास्क के घूम रहे थे। सदर थाना के एसएचओ संदीप चौधरी के नेतृत्व में दिन भर पुलिस के जवान टोलियों में माल रोड और रिज पर सैलानियों को मास्क के प्रति जागरूक करते रहे।
पुलिस ने उन पर्यटकों को मास्क बांटे, जिन्होंने पूर्ण रूप से मास्क नहीं लगाया था या फिर रूमाल बांध कर घूम रहे थे। इस दौरान पुलिस ने पर्यटकों को मास्क पूरी तरह से लगाने की जानकारी दी और बताया कि कौन सा मास्क उनकी कोरोना वायरस से सुरक्षा कर सकता है।
अभियान के पहले दिन पुलिस ने रिज व माल रोड़ पर पुलिस 200 से अधिक मास्क बांटे। सदर थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि दो दिन शनिवार और रविवार को बिना मास्क घूमने वालों को मास्क उपलब्ध करवाने के साथ-साथ जागरूक करने के लिए अभियान चलेगा। उन्होंने कहा कि पहले दिन शनिवार को 250 लोगों को निशुल्क मास्क दिए गए, जिन्होंने मास्क नहीं पहन रखा था।