चंबा, 10 जुलाई : चुराह क्षेत्र में एक महिला की बेरा डैम गिरने से मौत हो गई है। यह मामला शनिवार को पेश आया। मृतक महिला की पहचान गोदमू (42) पत्नी झांफर निवासी गांव चिल्ली तहसील चुराह जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला शनिवार को सुबह करीब आठ बजे अपने घर से घास काटने डैम साइड गई थी। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह डैम में गिर गई। करीब साढ़े नौ बजे किसी ने उसे डैम में बहते हुए देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और महिला का रेस्क्यू शुरू किया। बेरा डैम के कर्मचारियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद महिला के शव को डैम से निकाला। इसके बाद नागरिक अस्पताल तीसा में शव का पोस्टमार्टम किया गया।
वहीं दूसरी तरफ मृतक महिला की 19 साल की बेटी ने गलती से जहरीला पदार्थ निगल लिया। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले आए। यहां पर युवती का उपचार चल रहा है। युवती की हालत खतरे से बाहर है।