शिमला, 9 जुलाई : दिग्गज कांग्रेस नेता व छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शनों के लिए शुक्रवार दोपहर एक बजे कांग्रेस मुख्यालय लाया गया। इस दौरान भारी संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे और वीरभद्र सिंह अमर रहे के नारों से समूचा कांग्रेस भवन गूंज गया।

तिरंगे से लिपटा वीरभद्र सिंह का पार्थिव शरीर चारों ओर से फूलों से सजाया गया। अपने कद्दावर नेता के निधन से कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं में गहरा शोक है। वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी शिमला आए हैं। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पहुंच कर वीरभद्र सिंह के पार्थिव शरीर को पुष्पांजलि अर्पित की। पार्थिव शरीर को कांग्रेस भवन से वीरभद्र सिंह के पैतृक निवास रामपुर बुशहर ले जाया जा रहा है।
रामपुर बुशहर में शनिवार को दोपहर 3 बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ राजसी परंपरा के अनुसार दाह संस्कार होगा। दाह संस्कार से पहले राजदरबार में विक्रमादित्य सिंह का बुशहर रियासत के 123वें राजा के रूप में राजगद्दी पर राजतिलक किया जाएगा। वीरभद्र सिंह 13 साल की आयु में 122वें राजा के रूप में राजतिलक हुआ था। राजपरिवार की प्रथा के अनुसार राजतिलक के बाद दाह संस्कार किया जाएगा।