शिमला ,9 जुलाई : हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता वीरभद्र सिंह के निधन के बाद पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। राज्य में तीन दिन का शोक घोषित किया गया है। उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर रखा गया है। तमाम बड़े राजनेता उनके अंतिम दर्शन को पहुंच रहे हैं।
अंतिम दर्शनों के लिए वीरभद्र सिंह का पार्थिव शरीर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर रखा गया है। यहां दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित करने लोगों की कतारें लगी हैं। करिश्माई नेता के अंतिम दर्शन कर लोगों की आंखें नम हो रही हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी श्रद्धांजलि देने दिल्ली से शिमला पहुंचे। सुबह करीब 11 बजे रिज मैदान पर पहुंचकर उन्होंने वीरभद्र सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित भाजपा व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। रिज मैदान वीरभद्र सिंह अमर रहे के नारों से गूंज रहा है। वीरभद्र सिंह के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भी रखा जाएगा। इसके बाद पार्थिव शरीर पूर्व मुख्यमंत्री के पैतृक निवास रामपुर बुशहर ले जाया जाएगा, जहां कल शनिवार को 3 बजे अंतिम संस्कार होगा।