कांगड़ा, 09 जुलाई : उपमंडल शाहपुर के अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ख़बरू झरना में एक युवक नहाते समय डूब गया। 19 वर्षीय युवक शाहपुर के डढंब गावं का बताया जा रहा है। युवक पानी के नीचे फंस गया, जिस कारण अभी तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार दरीणी पुलिस चौकी के तहत बोह से करीब चार किलोमीटर दूर 19 वर्षीय युवक केशव नहाते वक्त पानी के झरने में फंस गया। जिसे उसके साथियों ने निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह असफल रहे। उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी। लेकिन वह भी उसे बाहर निकालने में असफल रहे। युवक का नाम केशव है जो डढंब गांव का रहने वाला है।
प्रशासन द्वारा प्राकृतिक आपदा राहत टीम के गोताखोरों को भी बुलाया गया लेकिन अभी तक युवक का कोई पता नहीं चला। घटना बीते देर शाम की है। इलाके नेटवर्क की समस्या होने के कारण अन्य लोगों की मदद लेने में भी परेशानी हो रही है।
थाना प्रभारी त्रिलोचन सिंह ने बताया कि यहां लगभग 80 फुट की ऊंचाई से पानी गिरता है और नीचे नौ फूट गहरा पानी है। उन्होंने बताया नहाते समय युवक पानी में नीचे ही फंस गया। पानी ज्यादा होने के कारण युवक का कोई पता नहीं चला है। गोताखोरों की टीम द्वारा अब सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पंचायत प्रधान सपना देवी ने बताया कि युवक का अभी तक कोई पता नहीं चला है। जहां यह घटना घटी वह दुर्गम क्षेत्र होने के कारण वहां पर नेटवर्क भी समस्या है जिस कारण अन्य लोगों की सहायता लेने में मुश्किल आ रही है।