शिमला, 08 जुलाई : हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के दिग्गज वीरभद्र सिंह के निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक का आलम है। वीरभद्र सिंह के देहांत से विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता अपनी संवेदनाएं जता रहे हैं।

वीरभद्र सिंह का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए शुक्रवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर रखा जाएगा। ये पहला अवसर होगा जब किसी राजनेता के पार्थिव शरीर को रिज मैदान पर लोग श्रद्धांजलि देंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अंतिम दर्शन के लिए शुक्रवार को दिल्ली से शिमला पहुंचेंगे। भाजपा ने उनका शिमला आने का शेड्यूल जारी किया है। इसके मुताबिक जेपी नड्डा दिल्ली से चंडीगढ़ हवाई मार्ग से पहुंचेंगे। चंडीगढ़ से वह हेलीकॉप्टर में शिमला आएंगे। जेपी नड्डा सुबह 10:15 बजे शिमला के अनाडेल हेलीपेड पर उतरेंगे। वह 10:30 से 11:00 बजे रिज मैदान पर दिवंगत वीरभद्र सिंह के पार्थिव शरीर को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। नड्डा शुक्रवार दोपहर 1:50 बजे अनाडेल से चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे और फिर हवाई मार्ग से दिल्ली वापस पहुंचेंगे।
जेपी नड्डा के अलावा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देने शुक्रवार को शिमला पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में वीरभद्र सिंह के पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन करेंगे। वीरभद्र सिंह का गुरुवार तड़के आईजीएमसी में निधन हुआ है। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को रामपुर बुशहर में होगा।