शिमला, 08 जुलाई : हिमाचल के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पार्थिव देह आईजीएमसी से वीरभद्र सिंह के निजी आवास हाली लॉज लाया गया है। यहां श्रदांजलि देने के लिए उनके आवास पर लोगों व राजनेताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है।
प्राप्त जानकारी अनुसार अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर कल शुक्रवार को सुबह 9 बजे 11 बजे तक ऐतिहासिक रिज मैदान पर रखा जाएगा। इसके बाद दोपहर एक बजे तक पार्थिव शरीर को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके उपरांत पार्थिव शरीर पैतृक निवास स्थान रामपुर बुशहर ले जाया जाएगा। शनिवार को दोपहर 3 बजे राजकीय सम्मान के साथ दाह संस्कार होगा।
वीरभद्र सिंह के निधन से हर कोई आहत है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित कांग्रेस व भाजपा नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। हिमाचल की राजनीति के किंग कहे जाने वाले वीरभद्र सिंह का आज सुबह आईजीएमसी में निधन हुआ। वीरभद्र सिंह के निधन पर प्रदेश भाजपा ने अपने सभी सार्वजनिक कार्यक्रम व बैठकें आगामी 10 जुलाई तक तुरंत प्रभाव से स्थगित कर दी हैं।
वीरभद्र सिंह के निधन पर हिमाचल में तीन दिन का राजकीय शोक
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर राज्य सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और सरकारी स्तर पर कोई भी मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं होगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। आदेशों में कहा गया है कि 8 से 10 जुलाई तक हिमाचल में राजकीय शोक रहेगा और इस दौरान किसी तरह का मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं होगा।
इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दुख जताते शोक संवेदना व्यक्त की है। जयराम ठाकुर ने कहा है कि वीरभद्र जी के निधन का समाचार हम सबके लिए बेहद दुःख देने वाला है। हिमाचल के लिए यह एक अपूर्णीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं होगी। वीरभद्र सिंह जी का मजबूत मनोबल, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट कार्य हम सबके लिए सदैव प्रेरणादायक रहेगा। भगवान उनकी पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकग्रस्त परिवार एवं प्रशंसकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।