मंडी, 6 जुलाई : भाजपा के सात मोर्चे 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अभी से मोर्चा संभालने के लिए अभी से तैयार किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप और संगठन मंत्री पवन राणा ने मंडी में सात में छः मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें करके उन्हें आगामी दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। जिन मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ बैठकें हुई हैं, उनमें महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, अनुसूचित जाति/जनजाति मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा शामिल हैं।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मीडिया कर्मियों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि आने वाले उप चुनाव और 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर मोर्चों के साथ रणनीति तय की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह बैठकें संगठन की मजबूती के लिए काफी ज्यादा अहम साबित होंगी।
वहीं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि हाल ही में प्रदेश भाजपा की कार्य समितियों की बैठकें संपन्न हुई हैं, जिनमें भविष्य की रणनीति को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इन निर्णयों को ऐसी बैठकों के माध्यम से सभी मोर्चों के पदाधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आगामी चुनावों में संगठन पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतर सके।