सुंदरनगर, 2 जुलाई : हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आश्वासन के बावजूद डॉक्टरों की स्ट्राइक शुक्रवार को पांचवें दिन में पहुंच गई है। डॉक्टरों द्वारा सुबह दो घंटों के लिए पंजाब के छठे वेतन आयोग की सिफारिशों के खिलाफ पेन डाउन स्ट्राइक कर कार्य को ठप्प रखा गया।

बीते कल मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने गृह जिला मंडी के थुनाग प्रवास के दौरान प्रदेश में डॉक्टरों की जारी हड़ताल को समाप्त करने की अपील की। वही मुख्यमंत्री ने प्रदेश के डॉक्टरों से समस्या को लेकर आपसी सहयोग से हल निकालने की बात कही गई थी। लेकिन डॉक्टरों की हड़ताल लगातार जारी है।
अब आगे देखना होगा कि मुख्यमंत्री की अपील पर प्रदेश के डॉक्टरों का क्या रुख रहता है और आने वाले दिनों में हड़ताल जारी करने को लेकर डॉक्टरों द्वारा क्या निर्णय लिया जाता है। मामले पर डा. रोशन ठाकुर महासचिव रेजिडेंट डाक्टर एशोसिएशन मेडिकल कॉलेज नेरचौक ने कहा कि शुक्रवार को श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों की जारी हड़ताल अपने 5वें दिन में पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अपील का स्वागत करते हैं और आने वाले समय पर प्रदेश सरकार द्वारा कोई ठोस निर्णय लिया जाता है तो हड़ताल को वापिस लिया जा सकता है।