मंडी,01 जुलाई : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के डॉक्टरों से आह्वान किया है कि वे अपनी पेन डाउन स्ट्राइक को समाप्त करें। उनकी जो भी मांग है वो सरकार तक पहुंच चुकी है और उसका मिल बैठकर कोई न कोई रास्ता निकाला जाएगा। यह बात उन्होंने बुधवार को अपने गृह क्षेत्र सराज के थुनाग में पत्रकारों से अनौचारिक बातचीत में कही। इससे पहले उन्होंने डॉक्टर-डे पर प्रदेश भर के डॉक्टरों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत भी की।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कोरोना की स्थिति में प्रदेश के डॉक्टरों ने अपनी बेहतरीन सेवाएं दी हैं जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि संकट के इस दौर में लोगों को डॉक्टरों की सेवाओं की जरूरत है। डॉक्टरों की जो भी मांग है वो सरकार तक पहुंच चुकी है और इस पर मिल बैठकर कोई न कोई रास्ता निकाला जाएगा।
अभी तक पंजाब पे कमीशन की रिपोर्ट आना बाकी है। उसके बाद ही यह तय हो पाएगा कि इससे लाभ होगा या हानि। उन्होंने डॉक्टरों से पेन डाउन स्ट्राइक पर न जाने का आह्वान भी किया। वहीं मुख्यमंत्री ने प्रदेश में आने वाले पर्यटकों से अनुरोध किया है कि वे कोविड के नियमों का पालन करें और होटल संचालकों से भी इस ओर विशेष ध्यान देने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन प्रदेश का मुख्य कारोबार है जो लंबे समय से प्रभावित था। अब पर्यटकों के आने से इस वर्ग को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि पर्यटक प्रदेश की हसीन वादियों में परिवार संग आए और आनंद उठाएं, लेकिन नियमों का पालन जरूर करें। इससे पहले जयराम ठाकुर ने सराज क्षेत्र के लिए करोड़ों की सौगातें भी दी। उन्होंने कहा कि वे सराज के चुने हुए प्रतिनिधि हैं और उसी के तहत यहां के विकास का दायित्व उन्हीं पर है।
जब वे पहली बार विधायक बने थे तो 16-17 पंचायतें ही सड़क सुविधा से जुड़ी हुई थी जबकि आज 77 पंचायतें सड़क सुविधा से जुड़ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सराज के विकास के लिए जो भी बन पाएगा वो किया जाएगा। इससे पहले उन्होंने सराज मंडल भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और संगठन की मजबूती को लेकर विचार विमर्श किया। वहीं उन्होंने सराज के चुने हुए पंचायती राज प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की। बाद में उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक करके विकास कार्यों की जानकारी ली और जनसमयाएं भी सुनी।