सुंदरनगर, 30 जून : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त अपने मंडी प्रवास के दौरान पदाधिकारियों सहित कार्यकर्ताओं को चुनावों में एक साथ मिलकर कार्य करने की नसीहत दे गए। संजय दत्त ने मीडिया से सुंदरनगर में बातचीत करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत बनाने को लेकर बतौर सह प्रभारी कार्यभार सौंपा गया है। अपने दौरे के दौरान सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मिलकर फीडबैक ली गई है। उन्होंने कहा कि चुनावों में पूरी टीम द्वारा मिलकर ही विजय प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए 2022 के चुनाव एक चुनौती है और मंडी उप चुनाव भी कभी शुरू हो सकते है। मंडी उपचुनाव का असर 2022 में होने वाले चुनावों को पर पड़ेगा। संजय दत्त ने कहा कि मंडी उपचुनाव जरूरत से ज्यादा महत्वपूर्ण है। भाजपा ने बड़े-बड़े वादे किए और जुमलेबाजी चुनाव के ऊपर प्रभाव डाला लेकिन अब लोगों की आंखें खुल चुकी हैं।
केंद्र और प्रदेश में भाजपा का कुशासन है। लोगों के खिलाफ सरकार लगातार निर्णय ले रही है। उन्होंने पार्टी के खिलाफ कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश संगठन के द्वारा लिए गए निर्णय सभी कांग्रेसजनों को स्वीकार होने चाहिए और एक साथ मिलकर कार्य करना चाहिए।