बिलासपुर, 25 जून : टावर लगाने के लिए गांव बगेटू में हुई लड़ाई में एक लड़की को थप्पड़ मारने की बात कहने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में लड़की को थप्पड़ मारने का आरोप लगाया गया है। लड़की की माता भी लड़की को थप्पड़ मारने की बात कह रही है। लड़की ने भराड़ी थाना में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने लड़की की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत हम्बोट के गांव बगेटू में एक टावर लगाया जा रहा है। जहां दो पक्षों में विवाद हो गया। जिस पर लड़की ने थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। लड़की ने शिकायत में बताया कि हमारे रिहायशी मकान के साथ मुस्तरिक्का भूमि में निजी कंपनी का टावर लगा रहे हैं।
लड़की ने बताया कि मेरे पिता दिल और अधरंग के मरीज है। जिनके लिए टावर की रेडिएशन हानिकारक है। इस विषय पर मैंने 23 जून को प्रधान ग्राम पंचायत हम्बोट को टावर न लगाने के बारे में प्रार्थना पत्र भी दिया था।
ग्राम पंचायत हम्बोट के प्रधान नन्द लाल 23 जून को मौक़े पर आए और उन्होंने टावर लगाए जाने वाले स्थल पर दोनों पक्षो को बुलाया था। लड़की ने बताया कि पहले भी इस टावर के कार्य को पंचायत की पूर्व प्रधान नरेश कुमारी व नायब तहसीलदार भराडी द्वारा मौका करने के बाद रद्द कर दिया था।
लड़की ने बताया कि जब वह एक तरफ खड़ी होकर अपने मोबाईल से वीडियो बना रही थी, तभी अचानक से दूसरे पक्ष का व्यक्ति तेजी से उसकी तरफ आया और उसके साथ धक्का मुक्की तथा मारपीट करने लगा, और कहा कि वीडियो बनाना बंद करो। इस धक्का मुक्की के दौरान संबंधित व्यक्ति ने उसे थप्पड़ भी मारे तथा उसका फोन भी नीचे गिर गया। लड़की ने शिकायत में संबंधित व्यक्ति पर भविष्य में भी मारपीट करने का शक जाहिर किया है।
मामले की पुष्टि एएसपी अमित शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि लड़की का मेडिकल करवाकर पुलिस आगामी कार्रवाई की जा रही है। वहीं पंचायत प्रधान हम्बोट ने बताया कि लड़की द्वारा पंचायत में टावर लगाए जाने के बारे में शिकायत दी थी। पंचायत जब मौके पर गई तो वहां पर दूसरे पक्ष द्वारा लड़की से वीडियो न बनाने की बात कही गई थी। उन्होंने बताया कि उनके सामने लड़की को थप्पड़ नहीं मारा गया है।