जोगिंद्रनगर/ लक्की शर्मा
मंडी जनपद के जोगिन्दरनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत टिकरू के चांदनी गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 35 वर्षीय महिला की अपने 10 साल के बेटे के साथ खड्ड में डूबने से मौत हो गई। हृदय को झकझोर देने वाली दुखद घटना की सूचना मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं प्रशासन द्वारा उचित जांच व हर सम्भव सहायता देने का प्रयास किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक मां-बेटा खेतों में काम करने के लिए निकले थे। इसी दौरान बेटा अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरा। यह सब देख कर मां ने भी बेटे को बचाने के लिए छलांग लगा दी। गोताखोरों ने तुरंत ही खड्ड से उन्हें निकाला। इसके बाद स्थानीय लोगों ने ही बेहोशी की हालत में मां- बेटे को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने दोनों को ही मृत घोषित कर दिया। आसपास के लोगों को हादसे की जानकारी काफी समय बाद मिली।
मां-बेटे की मौत से पूरा गांव स्तब्ध है। बताया जा रहा है कि मृतक बच्चे के पिता अभिषेक आईटीआई में सेवारत हैं। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज जमवाल तथा विधायक प्रकाश राणा भी सिविल अस्पताल पहुंचे।
उन्होंने इस दुखद घटना के लिए गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना में वह परिवार के साथ खड़े हैं। जो भी उनके हाथ में होगा यथासंभव सहायता करेंगे।