हमीरपुर, 23 जून : महाराज संसार चंद के ऐतिहासिक शहर सुजानपुर में भी अब मानव परिंदे उड़ेंगे और पहले की तरह सुजानपुर विश्व मानचित्र पर उभरेगा। वर्षो पहले महाराजा संसार चंद के नाम से सुजानपुर पूरे विश्व मे विख्यात था तथा सुजानपुर की होली व चौगान को देखने में आज भी हजारों लोग यहां आते हैं। वहीं पर्यटक की दृष्टि से सुजानपुर को विकसित करने के लिए अब केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस शहर को और ज्यादा महत्व देते हुए यहां पर मानव परिंदे उड़ाने (पैराग्लाइडिंग) से जोड़ने के लिए भी प्रयास कर दिए हैं।

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने सुजानपुर में पैराग्लाइडिंग शुरू करवाने के लिए एक टीम परीक्षण के लिए भेजी थी। इस पैराग्लाइडिंग टीम के सदस्यों ने महाराज संसार चंद के महल से उड़ान भरी और 5 किलोमीटर दूर तक आसमान में उड़ते हुए इन मानव परिंदों को चौगान में उतारा। इस दौरान मानव परिंदों को देखने के लिए सैंकड़ो लोग चौगान में जुट गए।
वहीं पैराग्लाइडिंग टीम के सदस्यों ने बताया कि यहां पर पैराग्लाइडिंग स्पोर्ट्स की अपार संभावना है तथा जो परीक्षण आज उन्होंने किया वे बेहतर व सफल रहा है। वहीं सुजानपुर भाजपा मंडल के मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर ने बताया कि अनुराग ठाकुर ने सुजानपुर को पर्यटन स्थल के रूप में देखा करते थे और इसी सोच के कारण आज उन्होंने पैराग्लाइडिंग टीम को सुजानपुर भेजा और यह पैराग्लाइडिंग परीक्षण सफल भी हुआ।
अनुराग ठाकुर का हमेशा कहना था कि अगर सपना देखना है तो खुली आंखों से देखो क्योंकि खुली आंखों से देखा सपना हमेशा सच होता है। यही कारण है कि आज अनुराग ठाकुर द्वारा सुजानपुर में एडवेंचर्स स्पोर्ट्स के माध्यम से पर्यटन व रोज़गार को बढ़ावा देने के लिए देखा सपना साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुजानपुर में एडवेंचर्स स्पोर्ट्स के माध्यम से पर्यटन व रोजगार को बढ़ावा मिल सके। इस दिशा में भी अनुराग ने एक सार्थक पहल की शुरुआत की है।
आज अनुराग द्वारा भेजी गई एक टीम ने सुजानपुर में पैराग्लाइडिंग की संभावनाओं को टटोलने के लिए एक सर्वेक्षण किया जिस से भविष्य में यहां पर पैराग्लाइडिंग की शुरुआत हो सके। इस टीम ने क़िले से चौगान मैदान तक उड़ान भरी जिसे देखना हर्षदायी था। सब ठीक रहा तो जल्द ही सुजानपुर के आसमानों में भी मानव परिंदे पैराग्लाइडिंग करते हुए लोग दिखने शुरु हो जाएंगे तथा स्थानीय लोगो को रोज़गार सहित पर्यटन को बढ़ावा भी मिलेगा।