नाहन/नेहा ठाकुर : शहर में हाथी की कब्र के समीप नाहन-शिमला मार्ग पर कूड़े के ढेर से आसपास रहने वाले लोग खासे परेशान हैं। हर तरफ गन्दगी का आलम है। रोजाना कालू बाबा मंदिर के मुख्य गेट के साथ कूड़े का ढेर देखने को मिलता है। इससे जहां धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं, वहीं मार्ग पर चलने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है।

नगर परिषद की ओर से आसपास कूड़ेदान नहीं रखवाए जाने से इस स्थान पर कूड़ा डाला जा रहा है। कूड़े का सही निपटारा न होने से मक्खी मच्छर पनप रहे हैं। साथ ही बदबू का आलम रहता है। मच्छरों के पनपने से बीमारियों के बढ़ने की संभावना भी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़े के ढेर पर बंदरों व कुत्तों का जमावड़ा लगा रहता है। जो कचरे को न केवल इधर-उधर फैला रहे हैं, बल्कि मंदिर के अंदर भी कचरा पहुंचा रहे हैं। इससे धार्मिक आस्था को भी ठेस पहुंच रही है।
लोगों का कहना है कि उन्हें बच्चों को अकेले भेजने में डर लगता है, कहीं बंदर उन पर हमला न कर दे। दिन भर में सैकड़ों लोगों का और दर्जनों वाहनों का आना जाना होता है। हालत यह है कि लोगों को मुंह पर रुमाल रखकर चलना पड़ता है। लोगों ने नगर परिषद् से इस स्थान को कूड़ा मुक्त करने की गुहार लगाई है।